नौकरी के नाम पर ठगी और दुष्कर्म, 6 लाख ऐंठकर बनाया अश्लील वीडियो; आरोपी गोवा गिरफ्तार

Spread the love

12_12_2022-video_viral_23254543

रायपुर| सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती भरोसे में बदल गई और भरोसा अपराध की साजिश बन गया। एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से लाखों रुपये ऐंठे गए, फिर मिलने के बहाने होटल बुलाकर दुष्कर्म किया गया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। लंबे समय तक धमकियों से परेशान युवती की शिकायत पर पुलिस ने फरार आरोपी को गोवा से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक कवर्धा जिले के पंडातराई निवासी रितेश चंद्राकर (26) की सोशल मीडिया के जरिए रायपुर की 25 वर्षीय युवती से करीब दो साल पहले पहचान हुई थी। युवती नर्सिंग की पढ़ाई कर चुकी है। आरोपी ने खुद को राजनीतिक रसूख वाला बताकर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर में नर्सिंग स्टाफ की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इस झांसे में आकर युवती ने कर्ज लेकर कुल 6 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।

कुछ समय बाद आरोपी ने मिलने के बहाने आमानाका इलाके के एक होटल में बुलाया, जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता ने जब पुलिस में शिकायत की बात कही तो आरोपी नंबर बदलकर फरार हो गया और गोवा में जाकर छिप गया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेस के आधार पर गोवा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया है, जिसमें आपत्तिजनक वीडियो मिलने की पुष्टि हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में धोखाधड़ी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने युवाओं, खासकर नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी के दावे पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी सरकारी नौकरी के नाम पर पैसे मांगने को गंभीर चेतावनी मानें और ऐसे मामलों की तुरंत शिकायत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?