ज्वेलरी ट्राई कर ‘सहेली को बुलाने’ निकली महिला, 5 लाख के जेवर पहनकर फरार, साथ में मौजूद युवक पकड़ाया

Spread the love

 

रायपुर 13 मार्च 2026। रायपुर 13 मार्च 2026। राजधानी रायपुर में ज्वेलरी शाॅप से दिनदहाड़े कीमती सोने के जेवर चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई महिला ने एक-एक कर महंगे सोने-चांदी के जेवर ट्राई किए और करीब पांच लाख रुपये के आभूषण पहन लिए। इसके बाद सहेली को बुलाने का बहाना बनाकर दुकान से बाहर निकली और मौके से फरार हो गई। हालांकि उसके साथ आया युवक भागने से पहले ही दुकानदारों के हत्थे चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 12 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे एक युवक और युवती ज्वेलरी शाॅप में पहुंचे और सोने का रानी हार खरीदने की बात कही। उस समय दुकान पर दुर्गा सोनी का बेटा पंकज सोनी मौजूद था। पंकज ने अपने पिता को फोन कर रानी हार लाने के लिए कहा। इसके बाद दुर्गा सोनी अपने एक परिचित के साथ दूसरी ज्वेलरी दुकान से रानी हार लेकर पहुंचे और महिला को दिखाया। खरीदारी के दौरान महिला ने एक-एक कर कई जेवर ट्राई करने के नाम पर पहन लिए।

इसमें सोने का रानी हार (3.45 लाख रुपये), सोने की चांद बाली की जोड़ी (1.08 लाख रुपये), सोने की अंगूठी (19,500 रुपये), चांदी की पायल की जोड़ी (16,200 रुपये) और तीन जोड़ी बिछिया (4,300 रुपये) शामिल थे। इन सभी जेवरों की कुल कीमत करीब 4.93 लाख रुपये बताई गई है। जेवर पहनने के बाद महिला ने सहेली को बुलाने की बात कही और दुकान से बाहर निकल गई। लेकिन वापस नहीं लौटी। शक होने पर दुकानदारों ने उसके साथ आए युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। घटना की शिकायत टिकरापारा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?