ट्रक ने पीछे से बाइक को मारी टक्कर, युवक की दर्दनाक मौतपहिए में फंसे युवक को ड्राइवर ने आगे बढ़ाया ट्रक, घसीटने से गई जान

Spread the love

दुर्ग-भिलाई | दुर्ग जिले के रसमड़ा स्थित रायपुर स्टील प्लांट के सामने शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पुलगांव थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सलोनी निवासी ऐमंत साहू अपने साथी के साथ बाइक क्रमांक CG 07 ZR 3592 से रसमड़ा स्थित ए.एस. ग्लोबल फेब्रिकेशन कंपनी काम पर जा रहा था। ऐमंत बाइक चला रहा था, जबकि उसका दोस्त पीछे बैठा था। दोनों प्रतिदिन इसी मार्ग से कंपनी आते-जाते थे।
जब वे रायपुर स्टील प्लांट के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 07 BF 3747 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगते ही पीछे बैठा युवक सड़क किनारे जा गिरा और बाल-बाल बच गया, लेकिन ऐमंत ट्रक के नीचे फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक मौके पर ही चालू हालत में खड़ा था। ऐमंत ट्रक के नीचे फंसा हुआ मदद के लिए चिल्ला रहा था। वहां मौजूद लोगों ने ड्राइवर को युवक के फंसे होने की जानकारी दी, इसके बावजूद चालक ने ट्रक को आगे बढ़ा दिया। ट्रक के आगे बढ़ते ही ऐमंत काफी दूर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
लोगों ने शोर मचाकर ट्रक को रुकवाया और फिर वाहन को पीछे करवाकर युवक को बाहर निकाला। तत्काल रायपुर स्टील प्लांट की एंबुलेंस से उसे भिलाई के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?