भिलाई में मसाला व्यापारी से 1.70 लाख की झपटमारी, पावर हाउस ब्रिज पर नकाबपोशों का वार

Spread the love

दुर्ग-भिलाई। शहर में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। ताजा मामला Bhilai के भट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां 61 वर्षीय मसाला व्यापारी से 1 लाख 70 हजार रुपये नकद लूट लिए गए। वारदात 22 फरवरी की रात करीब 10:40 बजे पावर हाउस ओवरब्रिज पर हुई।
कैंप-2 निवासी महादेव बाघमारे रोज की तरह मरोदा बाजार से दुकान समेटकर टीवीएस एक्सल से घर लौट रहे थे। उनके मुताबिक, कैश से भरा बैग गाड़ी के आगे रखा था। जैसे ही वे ब्रिज पर सेक्टर की ओर पहुंचे, काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक दाहिनी ओर से आए और चलती गाड़ी से बैग झपटकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई, लेकिन ब्रिज के समीप कैमरा न होने से अहम फुटेज नहीं मिल सके। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पद्मनाभपुर में महिला से चेन स्नेचिंग
इसी दिन Durg के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई। स्कूटी सवार युवक ने अचानक चेन खींची। करीब ढाई तोला वजनी चेन का हिस्सा कपड़ों में फंस गया, जबकि डेढ़ तोला लेकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुम्हारी में भेड़ और नकदी लूटी, दो आरोपी गिरफ्तार
वहीं Kumhari थाना क्षेत्र में झपटमारी का अनोखा मामला सामने आया। अहिवारा निवासी मोहम्मद अशरफ एक भेड़ खरीदकर लौट रहे थे। केडिया नाला के पास तीन युवकों ने स्कूटी से पीछा कर एक भेड़ और 5 हजार रुपये नगद छीन लिए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?