दुर्ग में पड़ोसी नाबालिग का खौफनाक हमला, लोहे की रॉड से परिवार पर वार, बीएसपी कर्मचारी समेत दो बेटियां गंभीर रूप से घायल, मोहल्लेवासियों की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया

Spread the love

दुर्ग-भिलाई |
दुर्ग के सेक्टर-8 स्थित 6B स्ट्रीट-8 में बुधवार देर रात एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई। पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग ने घर में घुसकर लोहे की रॉड से परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पिता और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बीच-बचाव करने आई महिला का हाथ टूट गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीएसपी में कार्यरत खेड़ूराम देवांगन (55) रात के समय परिवार के साथ भोजन कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी नाबालिग पीछे की ओर से घर में दाखिल हुआ। उसने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और हाथों में ग्लव्स पहने थे। घर में प्रवेश करते ही उसने अचानक रॉड से हमला शुरू कर दिया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में खेड़ूराम देवांगन के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों ने उनके सिर पर 16 टांके लगाए हैं। उनकी बड़ी बेटी गरिमा देवांगन (26), जो चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी हैं, को भी गंभीर चोटें आईं और 6 टांके लगे। छोटी बेटी लिपिका देवांगन (23) को भी हमले में चोट पहुंची, जिनके सिर पर 3 टांके लगाए गए।
परिवार को बचाने के प्रयास में मां उमेश्वरी देवांगन (47) भी घायल हो गईं। आरोपी की मारपीट से उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद घायल पिता किसी तरह बाहर निकले और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हमले के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?