
धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम बोडरा में किसानों के खेतों में भीषण आग लगने से करीब 400 से 500 एकड़ में लगी फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गांव के किसानों ने अपने खेतों में चना, राहर, सरसों, लाखड़ी और पैरा की फसल लगाई थी। अचानक खेतों में आग की तेज लपटें उठती देख किसानों में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही किसान तुरंत अपने-अपने खेतों की ओर दौड़े और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड टीम को भी दी गई, लेकिन चारों ओर खेतों में फसल होने के कारण दमकल को आग तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। बाद में किसानों ने आसपास के खेतों में लगे मोटर पंपों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पाया। हालांकि कुछ जगहों पर देर तक धुआं और आग की लपटें देखी गईं।
किसानों का कहना है कि उन्होंने बड़ी मेहनत से यह फसल तैयार की थी, लेकिन आगजनी की घटना में उनकी पूरी मेहनत जलकर राख हो गई। इससे वे काफी चिंतित और परेशान हैं। प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

