लिव-इन पार्टनर के साथ पी शराब, फिर रहस्यमयी मौत: गर्लफ्रेंड की नाक से बहा खून, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Spread the love

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र की है, जहां 35 वर्षीय महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका राजिंदर कौर पिछले तीन वर्षों से सेक्टर-2, स्ट्रीट-12 में अपने लिव-इन पार्टनर राजा नाथ उर्फ नाग के साथ रह रही थी। 5 फरवरी की रात दोनों साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान राजिंदर के नाक से अचानक खून निकलने लगा और कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजनों का कहना है कि स्थिति गंभीर होने पर राजा नाथ की मां महिला को जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 6 फरवरी को मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया गया है।

पहले भी होते थे विवाद
मृतका के परिजनों ने बताया कि राजिंदर और उसके लिव-इन पार्टनर के बीच आए दिन विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि जब भी राजिंदर अपने मायके आती थी, उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई देते थे। इसी आधार पर परिवार को आशंका है कि महिला की मौत स्वाभाविक नहीं है।
मृतका की भांजी कृतिका ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी काफी देर से दी गई। उनका कहना है कि यदि समय पर सूचना दी जाती, तो स्थिति कुछ और हो सकती थी।

बच्चों और पति ने उठाए सवाल
मृतका के बेटे आदित्य सिंह और बेटी परमजीत सिंह ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि मां उनसे रोज बातचीत करती थी और किसी गंभीर परेशानी का जिक्र नहीं करती थी। वहीं, पति हरविंदर सिंह ने कहा कि राजिंदर बच्चों से मिलने आती-जाती रहती थी, लेकिन पिछले करीब 15 दिनों से घर नहीं आई थी।

पुलिस जांच में जुटी
भिलाई भट्टी थाना प्रभारी प्रकाश कांत ने बताया कि मामले को संदिग्ध मौत मानकर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, लिव-इन पार्टनर की तलाश की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?