एक दूल्हे ने दो दुल्हनों संग लिए सात फेरे, अनोखी शादी देखने पूरा गांव उमड़ पड़ा

Spread the love

 

कोंडागांव 27 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र से एक अनोखी शादी की तस्वीर सामने आयी है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव में 24 मार्च को एक युवक ने एक नही बल्कि दो दुल्हनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लेकर शादी रचाई। अमूमन एक दूल्हा एक ही दुल्हन के साथ विवाह करता है, लेकिन केशकाल की इस शादी ने इलाके में अलग तरह की चर्चा शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक ये अनोखी शादी 24 मार्च को केशकाल विधानसभा क्षेत्र क फरसगांव ब्लाॅक के बैलगांव में संपन्न हुई। इस विवाह में सबसे खास बात यह रही कि दूल्हे और दोनों दुल्हनों की इस रिश्ते को लेकर पूरी सहमति थी। फिर क्या था तीनों परिवारों ने एक ही मंडप के नीचे आपसी समझ और सामाजिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पूरे गांव और रिश्तेदारों की मौजूदगी में विवाह समारोह आयोजित किया गया।

बताया जा रहा है कि शादी से पहले बाकायदा निमंत्रण पत्र भी छपवाए गए थे। जिनमें दुल्हे के नाम के साथ बकायदा दोनों दुल्हनों के नाम शामिल किए गए। इसी कार्ड के जरिए रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों को विवाह में शामिल होने का न्योता दिया गया था। गांव में जब लोगों को इस अनोखी शादी की जानकारी मिली, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण इस विवाह समारोह को देखने पहुंचे। विवाह की सभी रस्में पारंपरिक ढंग से पूरी की गईं।

हल्दी की रस्म से लेकर मंडप में होने वाले वैवाहिक कार्यक्रमों तक हर आयोजन उत्सव जैसा नजर आया। शादी के दौरान माहौल खुशी और उत्साह से भरा हुआ था और मेहमानों ने भी इस अवसर का भरपूर आनंद लिया। विवाह के बाद आयोजित कार्यक्रम में दूल्हा और दोनों दुल्हनों ने डीजे की धुन पर डांस भी किया। इस दौरान बारातियों और गांव के लोगों ने भी इस जश्न में हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार इस तरह का विवाह देखा, इसलिए यह शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?