
दुर्ग-भिलाई | जामुल
होली पर्व के मद्देनज़र जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च और सख्ती के बावजूद जामुल थाना क्षेत्र में होलिका दहन की रात एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रावणभाठा संगम चौक की है, जहां दोस्त ने ही अपने मित्र की लोहे की रॉड (शॉकब) से वार कर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान हेमंत साहू उर्फ भूरु (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था। आरोपी आशीष साहू (25 वर्ष) को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेमंत सोमवार रात ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान आरोपी उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पूर्व में शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था, जिसे अन्य दोस्तों के हस्तक्षेप से शांत कराया गया था। उसी विवाद को लेकर आरोपी रंजिश पाले हुए था।
रात लगभग 11 बजे जब दोनों पार्टी कर अपने मोहल्ले लौट रहे थे, तभी घर से कुछ दूरी पहले आरोपी ने पीछे से हेमंत के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से हेमंत जमीन पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात स्थल के समीप होलिका दहन की तैयारी चल रही थी, जिससे घटना अचानक होने के कारण कोई तत्काल हस्तक्षेप नहीं कर सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम हेतु सुपेला अस्पताल भेजा गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को 10 घंटे से भी कम समय में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त कर ली गई है।
उल्लेखनीय है कि होली के मद्देनज़र जिले में लगभग 900 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। 73 पेट्रोलिंग पार्टियां सक्रिय थीं तथा 25 स्थानों पर नाकाबंदी की व्यवस्था की गई थी। दिन में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया था। इसके बावजूद भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में इस प्रकार की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

