
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ट्रैफिक पुलिस और एक युवक के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना शहर के व्यस्त महामाया चौक पर हुई, जहां चाभी छीनने को लेकर शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के महामाया चौक पर ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि, चाभी लूटने को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने युवक की पिटाई कर दी। वहीं, युवक ने भी गुस्से में आकर पुलिस जवान पर हाथ उठा दिया। इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
युवक पर जातिगत गाली-गलौच करने का आरोप
घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने युवक पर जातिगत गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। हालांकि युवक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि, उसने किसी प्रकार की जातिगत टिप्पणी नहीं की। युवक का कहना है कि, पुलिसकर्मी ने जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी नेम प्लेट भी दिखाई नहीं दे रही थी। ऐसे में वह उसका नाम तक नहीं जानता, तो जातिगत गाली कैसे दे सकता है।

