
दुर्ग-भिलाई |
दुर्ग जिले में बीमा राशि हासिल करने के उद्देश्य से एक ज्वेलरी कारोबारी द्वारा रची गई फर्जी लूट की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुगदा निवासी सर्राफा व्यापारी नितेश देवांगन को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
5 फरवरी को आरोपी ने कुम्हारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ज्वेलरी खरीदकर लौटते समय कुगदा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार दिखाकर उससे सोने की ज्वेलरी और नकदी लूट ली। सूचना मिलते ही पुलिस और ACCU टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी जांच में नहीं मिले लूट के सबूत
घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई, लेकिन प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार कोई संदिग्ध नजर नहीं आया। लूट जैसी गंभीर वारदात के कोई ठोस प्रमाण नहीं मिलने पर पुलिस को मामले की सच्चाई पर संदेह हुआ।
पूछताछ में खुला राज
कड़ाई से पूछताछ के दौरान नितेश देवांगन के बयान बार-बार बदलते रहे। आखिरकार उसने स्वीकार कर लिया कि व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई और बीमा व मुआवजा राशि प्राप्त करने के लालच में उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। आरोपी ने बताया कि कथित रूप से लूटी गई ज्वेलरी उसने अपनी ही दुकान में छिपाकर रखी थी।
30 ग्राम सोना जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी दुकान से करीब 30 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की, जिसमें 7 जोड़ी टॉप्स और 5 जोड़ी बालियां शामिल हैं। इसके बाद आरोपी के खिलाफ लोक सेवक को जानबूझकर झूठी सूचना देने का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की झूठी सूचना देकर कानून को गुमराह करने की कोशिश न करें, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


