
दुर्ग।
जेल तिराहा से पुलगांव मिनिमाता चौक तक 4.75 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण के लिए राज्य शासन ने 28 करोड़ 57 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्य हेतु 12 करोड़ 15 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है। इस प्रकार कुल मिलाकर 40 करोड़ 72 लाख रुपये की परियोजना को हरी झंडी मिल गई है।
यह स्वीकृति मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा दी गई है। दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव की पहल और लगातार प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना दुर्ग को मिली है। विधायक यादव ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करना और आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाना इस सड़क परियोजना का प्रमुख उद्देश्य है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इस फोरलेन सड़क का निर्माण जेल तिराहा से महाराजा चौक होते हुए मिनिमाता चौक पुलगांव तक किया जाना है।
गौरतलब है कि विधायक गजेन्द्र यादव ने बीते माह पीडब्ल्यूडी और सेतु विभाग के इंजीनियरों के साथ स्थल निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण एवं पुल निर्माण संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब शासन ने उस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए राशि जारी की है।
विधायक यादव ने कहा कि जनता की मांग के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कैबिनेट मंत्रियों के प्रति दुर्ग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है।