
राजस्थान 25 जुलाई 2025। राजस्थान के झालावाड जिले के एक सरकारी स्कूल की छत आज सुबह एकाएक भरभरा कर गिर गई। हादसे में अब तक 4 बच्चों की मौत की पुष्टि की गयी है। वहीं 17 लोगों के घायल होने की खबर है। हादसे के वक्त स्कूल में पढ़ाई जारी थी। इसी दौरान छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे की जानकारी के बाद आनन फानन में मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव अभियान चलाया। मलबे में कई और शव दबे होने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक ये दर्दनाक हादसा राजस्थान के झालावाड़ स्थित पिपलौदी प्राइमरी स्कूल की है। बताया जा रहा है कि जर्जर स्कूल भवन में रोज की तरह आज भी पढ़ाई जारी थी। इसी दौरान अचानक भर भराकर स्कूल की छत बच्चों के उपर ही गिर गयी। हादसे की जानकारी लगते ही स्थानीय लोग राहत बचाव कार्य में जुट गये। जेसीबी मशीन की मदद से मलबे को हटाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि….आज सुबह सरकारी स्कूल की इमारत ढह गई। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। घटना में गंभीर रूप से घायल 10 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।
इनमें से 3-4 की हालत गंभीर बनी हुई है। टीचर्स और लोगों की मदद से बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया। वहीं इस घटना पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर से घटना की पूरी जानकारी ली गई है। राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित बच्चों और परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी। घटना की हाई लेवल जांच करवाई जाएग, जो भी दोषी पाया जाएगा… उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना पर दुःख जताते हुए एक्स पर लिखा….झालावाड के पीपलोदी में स्कूल की छत गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। घायल बच्चों का इलाज सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत दिव्य आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें।
इस पूरे घटनाक्रम पर राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि झालावाड के मनोहर थाना इलाके में एक सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से कई बच्चों और शिक्षकों के हताहत होने की सूचना मिल रही है। मैं ईश्वर से कम से कम जनहानि और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ देने की प्रार्थना करता हूं।