
जान से मारने की धमकी देकर दरवाजे और मोटर पंप को पहुंचाया नुकसान, पुलिस ने आरोपी पंच को गिरफ्तार कर जेल भेजा
दुर्ग। जिले की ग्राम पंचायत कुम्हली में पंचायत के लेनदेन की जानकारी मांगने को लेकर विवाद हो गया। जानकारी देने में देरी होने से नाराज एक पंच ने पंचायत सचिव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आरोपी ने सचिव को जान से मारने की धमकी भी दी और पंचायत भवन में तोड़फोड़ की। मामले में जामगांव आर पुलिस ने आरोपी पंच को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम पंचायत कुम्हली में सामान्य बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान पंच मोगन सपहा (30) ने पंचायत के लेनदेन से संबंधित जानकारी मांगी। पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने सरपंच के आने के बाद जानकारी देने की बात कही। इस पर पंच नाराज हो गया और सचिव के साथ गाली-गलौज करने लगा।
सचिव से मारपीट कर पंचायत भवन में की तोड़फोड़
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पंचायत सचिव को जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में सचिव को चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने पंचायत भवन स्थित सरपंच-सचिव कक्ष के दरवाजे पर लात मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, परिसर में रखे खराब सबमर्सिबल मोटर पंप में भी तोड़फोड़ की।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने जामगांव आर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मारपीट, जान से मारने की धमकी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम कुम्हली निवासी आरोपी पंच मोगन सपहा (30) को 3 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
