
रासेयो के सात दिवसीय विशेष शिविर में बौद्धिक चर्चा कार्यक्रम आयोजित, नशामुक्त भारत बनाने का दिलाया संकल्प
राजनांदगांव। शासकीय शिवनाथ साइंस कॉलेज, राजनांदगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत 29 अक्टूबर 2026 को सत्यानंद योग आश्रम, राजनांदगांव में बौद्धिक चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव कलेक्टर श्री जितेंद्र यादव तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री जितेंद्र यादव ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। समाज और देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा को अपने जीवन में एक उद्देश्य निर्धारित करना चाहिए और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा अपने समय और ऊर्जा का सकारात्मक कार्यों में उपयोग करने की सलाह दी।
जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने कहा कि सेवा कार्यों से आत्मसंतुष्टि प्राप्त होती है। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक निःस्वार्थ भाव से समाज के लिए जो सेवा कार्य कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने रासेयो के माध्यम से युवाओं में विकसित हो रही सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए उपस्थित अतिथियों एवं स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
बौद्धिक चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, जीवन के लक्ष्य निर्धारण और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व की सीख मिली।

