
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय ओबेरॉय और अभिनेत्री हेली दारूवाला की आगामी फिल्म ‘लव लॉटरी’ का पहला विवरण सामने आ गया है। यह फिल्म आधुनिक शहरी दंपति की कहानी पर आधारित कोर्टरूम ड्रामा और मर्डर मिस्ट्री है, जिसमें रिश्तों की जटिलता, कानूनी लड़ाई और कई चौंकाने वाले रहस्यों को दिखाया गया है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे विवाहित जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी शादीशुदा जिंदगी में आई दरार अदालत तक पहुंच जाती है। मामला तब और उलझ जाता है जब कहानी में एक हत्या होती है और उसके बाद सामने आने वाले खुलासे हर किरदार को शक के घेरे में खड़ा कर देते हैं। फिल्म विश्वास, सामाजिक सोच, भावनात्मक शोषण और गंभीर आरोपों के मानसिक प्रभाव जैसे संवेदनशील विषयों को भी उठाती है।
निर्माता कुलदीप भार्गव (तुषार) के अनुसार, ‘लव लॉटरी’ केवल मनोरंजन के लिए नहीं बनाई गई है, बल्कि यह दर्शकों को सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी भी पेश करती है। उनका कहना है कि फिल्म में सस्पेंस, इमोशन और सामाजिक मुद्दों का संतुलित मिश्रण देखने को मिलेगा।
वहीं निर्देशक अरविंद पांडे ने बताया कि यह सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा नहीं, बल्कि रिश्तों, भावनाओं और सच्चाई की तलाश की कहानी है। उन्होंने दावा किया कि फिल्म का रहस्य अंतिम दृश्य तक दर्शकों को बांधे रखेगा।
फिल्म में अक्षय ओबेरॉय, हेली दारूवाला, कबीर दुहान सिंह, हेमंत पांडे, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण कुलदीप भार्गव (तुषार) ने किया है। निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है, जबकि कहानी अंकुर खत्री ने लिखी है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी नवीन वी. मिश्रा, एडिटिंग प्रकाश झा तथा संगीत वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे ने दिया है।
‘लव लॉटरी’ 18 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
