दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने एक ट्रक चालक की जान ले ली। मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट में घायल ट्रक चालक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी हाईवा चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 10 जून 2026 की है। दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा के पास ट्रक क्रमांक HR 38 Z 3022 का चालक यूटर्न लेकर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर रहा था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG 04 LB 9345 वहां पहुंचा। वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान हाईवा चालक ने ट्रक चालक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के बाद ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। तकनीकी और मौखिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला हत्या की श्रेणी में नहीं आता। इसके आधार पर थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 170/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत आपराधिक मानव वध का मामला कायम किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव कुमार साहू (37 वर्ष) निवासी ग्राम भूसरेंगा, पोस्ट बेलौदी, थाना रनचिरई, जिला बालोद के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत के रूप में सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है। वहीं घटना में प्रयुक्त हाईवा वाहन क्रमांक CG 04 LB 9345 को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

