
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक और संवेदनशील घटना सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय युवती ने होटल की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित सिद्धि विनायक होटल में ठहरी युवती हनी गुप्ता ने होटल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद वह जीआरपी एसपी ऑफिस कैंपस में गिरी। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद मौके पर मौजूद जीआरपी जवानों ने उसे तुरंत आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मानसिक बीमारी से जूझ रही थी युवती
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती बाइपोलर डिसऑर्डर जैसी गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित थी। यह बीमारी व्यक्ति के व्यवहार और मानसिक स्थिति पर गहरा असर डालती है, जिससे कभी अवसाद तो कभी अत्यधिक उत्तेजना की स्थिति बनती है।
परिवारिक स्थिति भी रही जटिल
पुलिस के अनुसार, मृतका मूलतः रायगढ़ की रहने वाली थी और रायपुर के सड्डू क्षेत्र में अपने पिता और दो भाइयों के साथ रह रही थी। उसके माता-पिता का तलाक हो चुका था। बताया जा रहा है कि युवती पिछले कुछ दिनों से होटल में रह रही थी, हालांकि उसके वहां ठहरने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के पास से होटल के कमरे की चाबी बरामद हुई है और होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है, जिसके बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
