पापड़-बड़ा को लेकर शादी में खूनी संघर्ष, तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक विवाह समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब भोजन में पापड़ और बड़ा नहीं मिलने पर बारातियों और घरातियों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना थाना खम्हरिया क्षेत्र के ग्राम करमू की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को ग्राम करमू में दिनेश के बड़े पिता की बेटी का विवाह समारोह आयोजित था। तय समय पर बारात पहुंची और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बाद भोजन की व्यवस्था की गई। इसी दौरान कुछ बारातियों ने भोजन में पापड़ और बड़ा नहीं होने पर आपत्ति जताई और बार-बार इसकी मांग करने लगे।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्ग से आए कुछ बारातियों ने इस बात को लेकर तीखी बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान घराती पक्ष के भोला राम निषाद और गजानंद निषाद पर हमला कर दिया गया। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। गजानंद निषाद की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में एक आरोपी ने स्वीकार किया कि भोजन के दौरान पापड़-बड़ा नहीं मिलने से विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसा में बदल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?