
रायपुर, । राजधानी में रोडरेज से जुड़ा मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्कूल संचालक को बीच सड़क पर धमकाने के आरोप में नामजद शोएब ढेबर पुलिस की पकड़ से बाहर है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और तेलीबांधा पुलिस अब तक उसके घर पर चार बार दबिश दे चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा, जो विधायक कॉलोनी क्षेत्र में निवास करते हैं, ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात वे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय उनकी कार के पास पीछे से आ रही एक अन्य कार ने कथित तौर पर स्क्रैच मार दिया।
जब उन्होंने चालक को सावधानी बरतने की बात कही तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चालक शोएब ढेबर ने बीच सड़क पर वाहन रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला कायम किया।
आरोपी फरार, मोबाइल बंद
जांच अधिकारियों के अनुसार, केस दर्ज होने के बाद से आरोपी ने मोबाइल फोन बंद कर लिया है और शहर छोड़ने की आशंका है। थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि से चर्चा में मामला
शोएब ढेबर, कथित शराब कारोबारी अनवर ढेबर का बेटा और एजाज ढेबर का भतीजा बताया जा रहा है। पारिवारिक पृष्ठभूमि के चलते मामला राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले भी विवादों में रहा नाम
जानकारी के अनुसार, अगस्त 2025 में वह जेल परिसर में बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में प्रवेश करने के मामले में भी चर्चा में आया था। उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने उस पर कुछ समय के लिए मुलाकात प्रतिबंध लगाया था।
इसके अलावा क्लब में मारपीट और कोरोना काल के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस घटनाक्रम ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और रसूखदार परिवारों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
