
मनेन्द्रगढ़/नागपुर: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शादी के बंधन में बंधने जा रहे 54 जोड़ों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा पोड़ी थाना क्षेत्र के नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ। इस घटना में बस में सवार सभी यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जनकपुर से रतनपुर जा रहे थे जोड़े
जानकारी के अनुसार, ‘दुर्गा बस’ जनकपुर से 54 जोड़ों और उनके परिजनों को लेकर रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही थी। वहां मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन होना था। सुबह करीब 10 बजे के आसपास जब बस नागपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी।

ग्रामीणों ने की मदद
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल बस से लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
उप स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी
सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन कई दूल्हे और दुल्हनों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर राहत कार्यों में जुटी हुई है।
ड्राइवर-कंडक्टर की तलाश
सामूहिक विवाह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए परिवहन व्यवस्था में इतनी बड़ी लापरवाही ने प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार और बस की फिटनेस को लेकर जांच की मांग की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर-कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है।

