
बालोद।
छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गई। बीच सड़क बाइक खड़ी कर रास्ता रोक रहे युवकों को हटने के लिए कहना एक हमाल को इतना महंगा पड़ा कि बदमाशों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से गोद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल और बाद में हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया है।
घटना बालोद थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 आमापारा इलाके की है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बीच रास्ते खड़े थे युवक, विरोध करने पर भड़का विवाद
थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, 6 फरवरी को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सिंचाई कॉलोनी से शराब दुकान जाने वाले शॉर्टकट मार्ग पर अमन सोनी (24) और गुलशन साहू (20) एक नाबालिग के साथ बाइक अड़ाकर खड़े थे। इसी रास्ते से खपरी (मालीघोरी) निवासी हमाल धर्मेंद्र ठाकुर अपने साथी प्रवीण निर्मलकर के साथ लौट रहा था।
रास्ता बाधित होने पर प्रवीण ने बाइक हटाने को कहा, जिससे आरोपी नाराज हो गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी।
माफी मांगने के बावजूद नहीं रुके, चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक लगातार माफी मांगते रहे, लेकिन आरोपी बेरहमी से हमला करते रहे। भीड़ जमा होने पर किसी तरह वे वहां से भागे, लेकिन करीब 400 मीटर दूर ब्रह्माकुमारी आश्रम मार्ग के पास आरोपियों ने प्रवीण को फिर घेर लिया।
यहां पेट, पीठ और सीने पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी अंतड़ियां बाहर आ गईं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
रायपुर में चल रहा इलाज, हालत गंभीर
घायल प्रवीण निर्मलकर को गंभीर हालत में रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार के अनुसार प्रवीण हमाली कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है और घटना के दिन सुबह से ट्रक से धान उतारने का काम कर रहा था।
युवती से मिलने आए थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुंडरदेही से दो बाइक में सवार होकर आमापारा क्षेत्र में एक युवती से मिलने आए थे। बातचीत के बाद वे सिंचाई कॉलोनी के तिराहे पर रास्ता रोककर खड़े हो गए, जहां यह विवाद हुआ।
ऑनलाइन मंगाया पेन-नुमा चाकू जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से ऑनलाइन मंगाया गया पेन की तरह दिखने वाला चाकू, चार मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 109, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अमन सोनी और गुलशन साहू को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई में लिया गया है।
सरकार पर उठे सवाल
घटना के बाद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रभान साहू ने प्रदेश में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मामूली विवादों में जानलेवा हमले आम होते जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में डर का माहौल है और सरकार इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
