सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से बड़ा हादसा:  लोगों की जान बचाते हुए इंस्पेक्टर शहीद, 13 लोग घायल

Spread the love

फरीदाबाद |हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित विश्वप्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार शाम एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा हो गया। मेले के एम्यूजमेंट पार्क में एक झूला अचानक टूट गया। इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की जांबाज शहादत हो गई, जो गिरते हुए झूले से लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे थे। दुर्घटना में करीब 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल है।

जांबाज इंस्पेक्टर ने दूसरों को बचाने के लिए दी अपनी जान

चश्मदीदों के मुताबिक, शाम के समय जब झूला पूरी रफ्तार में था, तभी उसका एक सिरा अचानक टूट गया। वहां तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने खतरे को भांपते हुए नीचे खड़े लोगों को हटाने की कोशिश की। इसी दौरान झूला अनियंत्रित होकर दायीं तरफ झुका और इंस्पेक्टर जगदीश की गर्दन झूले और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मेले में दो बड़े हादसे

शनिवार को मेले में एक नहीं, बल्कि दो दुर्घटनाएं हुईं।  मेले का गेट नंबर-2 अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक बच्चा और एक बुजुर्ग घायल हो गए। वहीं  शाम करीब साढ़े छह बजे झूला टूटने से अफरातफरी मच गई। घटना के बाद गायक नवीन पूनिया और स्टैंड-अप कॉमेडियन अमित टंडन का मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

कौन थे शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद?

शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा (गांव ढींगरा) के रहने वाले थे। वे पलवल के चांटहट थाने में तैनात थे और 15 दिन पहले ही उनका तबादला पुलिस लाइन में हुआ था। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। उनकी बहादुरी की अब हर तरफ चर्चा हो रही है।

प्रशासनिक कार्रवाई और जांच

हादसे की सूचना मिलते ही फरीदाबाद के डीसी आयुष सिन्हा और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं ताकि हादसे की तकनीकी वजह का पता चल सके। डीसी आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि झूला संचालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी 13 घायलों का इलाज बीके अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

डीसी का बयान: “इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने लोगों को बचाने के प्रयास में अपनी जान की आहुति दी है। इस मामले की गहन जांच होगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?