40 करोड़ की चोरी के आरोपी का बड़ा खुलासा: सोने की कैंची से पीएम के बाल काटने की सनक

Spread the love

रायपुर।
देश के कई राज्यों में करोड़ों की चोरी को अंजाम दे चुके एक शातिर चोर को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रायपुर के पंडरी इलाके में तीन दुकानों से करीब 7 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हुए आरोपी लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने धर दबोचा।
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी नागपुर और दिल्ली भाग गया था, लेकिन रायपुर लौटते ही पुलिस की नजर में आ गया। सटीक इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने की है।

पूछताछ में चौंकाने वाला बयान
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को हैरान कर देने वाला बयान दिया। उसने कहा कि उसकी इच्छा “सोने की कैंची से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाल काटने” की थी। पुलिस इस बयान को आरोपी की मानसिकता और आपराधिक प्रवृत्ति से जोड़कर देख रही है।

एक ही रात में तीन दुकानों को बनाया निशाना
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के अनुसार 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरम्यानी रात पंडरी स्थित लब-डब कपड़े की दुकान में तोड़फोड़ कर करीब 2.75 लाख रुपए नकद चोरी किए गए। इसी रात पास की नोवा फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख और डिजाइनर सैनिटेशन व हार्डवेयर दुकान से 2.85 लाख रुपए चोरी हुए। कुल मिलाकर चोरी की रकम करीब 7 लाख रुपए रही।

CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज
पुलिस ने घटनास्थलों के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद आरोपी की पहचान कवर्धा निवासी लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू के रूप में हुई। पूछताछ में उसने रायपुर समेत अन्य इलाकों में की गई चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं।
आरोपी के पास से 79 हजार 500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उसने मौदहापारा थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूली है।

कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस के अनुसार लोकेश श्रीवास दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, राजनांदगांव और दुर्ग समेत कई जिलों में ज्वेलरी शॉप और शोरूम में करोड़ों की चोरी कर चुका है। उस पर अब तक 2 दर्जन से ज्यादा चोरी की घटनाओं का आरोप है और कुल चोरी की रकम 40 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।

जेल ब्रेक का भी आरोपी
जानकारी के मुताबिक लोकेश ने साल 2011 में भिलाई स्थित संगम डेयरी में पहली चोरी की थी। 2018 में उसने भिलाई के पारख ज्वेलर्स को निशाना बनाया। इतना ही नहीं, वह रायगढ़ जेल से फरार होने के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?