कन्या आश्रम में शिक्षिका का खौफनाक ‘खेल’,  भूत भगाने के नाम पर छात्राओं को डराया

Spread the love

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के एक शासकीय कन्या आश्रम से अंधविश्वास और छात्राओं के मानसिक उत्पीड़न का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शिक्षिका पर आरोप है कि वह आश्रम के कमरों में भूत-प्रेत होने का दावा कर मासूम छात्राओं को डराती है और “भूत भगाने” के नाम पर अजब-गजब कारनामे करती है।

अंधविश्वास का साया

छात्राओं और कर्मचारियों ने शिक्षिका काकोली देवनाथ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षिका छात्राओं को यह कहकर भयभीत करती है कि आश्रम में भूत-प्रेत का साया है। इस अंधविश्वास के चलते छात्राएं मानसिक तनाव और डर के साये में जीने को मजबूर थीं।  छात्राओं की शिकायत मिलने पर जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर तत्काल आश्रम पहुंचीं और मामले की सच्चाई जानी।

मौके पर लगी जमकर फटकार

निरीक्षण के दौरान जब शिक्षिका काकोली देवनाथ आश्रम में मिलीं, तो जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर ने उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने शिक्षिका को सख्त लहजे में फटकार लगाते हुए कहा। “शिक्षण संस्थान ज्ञान के केंद्र होते हैं, अंधविश्वास फैलाने के अड्डे नहीं। छात्राओं के भविष्य और उनके मानसिक स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” इस घटना ने आश्रम के प्रबंधन और शिक्षा विभाग पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच और कार्रवाई

पूरे मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। जिला पंचायत सदस्य ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, आश्रम में छात्राओं के बीच व्याप्त डर को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?