
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पिता की तीसरी शादी को लेकर उपजे पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में उनके सौतेले बेटे साहिल की पहचान की है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे अभिनंदन नगर क्षेत्र में रुबीना पर उस समय हमला किया गया, जब वह अपने मायके मदपुरा से ऑटो रिक्शा में सवार होकर किराए के मकान लौट रही थीं। जैसे ही वह घर के पास पहुंचीं, अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने ऑटो रुकवाया। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने रुबीना के पेट, छाती और सिर पर कई बार चाकू से वार कर दिया और दोनों मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से शाहिद मेव रुबीना को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल सका, क्योंकि घटनास्थल के आसपास लगे कैमरे बिजली कटौती के कारण बंद थे। हालांकि, आसपास के इलाकों से जुटाए गए फुटेज और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
मामले में अहम मोड़ तब आया, जब घटना के समय मौके पर मौजूद रुबीना की नाबालिग बेटी ने वीडियो बयान में साहिल और उसके एक साथी को हमलावर के रूप में पहचाना। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची का बयान इस केस का महत्वपूर्ण साक्ष्य है।
ऑटो रिक्शा चालक सीताबाई डाबी ने पुलिस को बताया कि रुबीना शुक्ला चौक से उनके ऑटो में बैठी थीं। घर के पास उन्होंने बेटी को ठीक से बैठाने के लिए ऑटो रुकवाया, तभी दो युवक आए और कथित तौर पर कहा, “तुम हार नहीं मानोगी,” और हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि रुबीना और शाहिद मेव की शादी करीब सात महीने पहले हुई थी। साहिल, शाहिद मेव की पहली शादी से हुआ बेटा है, जो अपने पिता की तीसरी शादी से नाराज था और इसी रंजिश में हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
रुबीना के भाई पीरू शाह ने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

