
दुर्ग-भिलाई |
भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में वर्ष 2023 में हुए भीषण औद्योगिक हादसे के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रबंधन से जुड़े दो अधिकारियों और एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। यह हादसा कूलिंग पाइपलाइन बदलने के दौरान हुआ था, जिसमें चार कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी झुलस गए थे और इलाज के दौरान एक कर्मी की मौत हो गई थी।
भिलाई भट्टी थाना पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2023 को एसएमएस-2 कंटीन्यूअस कास्टिंग शॉप के कास्टर नंबर-6 में उपकरणों की कूलिंग पाइपलाइन बदली जा रही थी। इसी दौरान कार्यस्थल पर मौजूद ज्वलनशील सामग्री में अचानक आग लग गई। हादसे में राजू टांडी, रमेश मौर्य, अमित सिंह और रंजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रंजीत सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जांच में उजागर हुई सुरक्षा में चूक
घटना के बाद दर्ज अपराध की विस्तृत जांच में सामने आया कि कार्यस्थल पर तय सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। फैक्ट्री प्रबंधन और ठेका कंपनी की ओर से आवश्यक सेफ्टी इंतजाम सुनिश्चित नहीं किए गए थे, जिससे आगजनी जैसी गंभीर दुर्घटना हुई। पुलिस ने इसे स्पष्ट लापरवाही का मामला माना है।
ये हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस प्रकरण में—
एसएमएस-02 के मुख्य महाप्रबंधक सुशांता कुमार घोषाल,
सेक्टर-09 के शिफ्ट इंचार्ज (मैकेनिकल) धीरेन्द्र कुमार कुशवाहा,
और मारुति कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार अभय कुमार—
को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


