
दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर (वी.वाई.टी.) स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के समाजशास्त्र विभाग के छात्र एवं छात्र परिषद अध्यक्ष दीपांशु नेताम का चयन प्रतिष्ठित नेशनल यूथ पार्लियामेंट 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित की जाती है, जिसका उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
दीपांशु नेताम ने राज्य के 150 से अधिक प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व शैली, तार्किक प्रस्तुति और समसामयिक विषयों पर गहरी समझ का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अब वे आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए नई दिल्ली स्थित लोकसभा संसद भवन में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने दीपांशु की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की है कि दीपांशु राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।



